शाही पारणा महोत्सव में झलका भक्ति व आकर्षण का संगम, उमड़ा जनसैलाब
- बॉलीवुड स्टार अंकिता लोखंडे व विक्की जैन ने तपस्वियों को कराया पारणा
- उदयपुर महापौर व विधायकों ने लिया आचार्य पुलकसागर का आशीर्वाद
भीलवाड़ा लोकजीवन। वस्त्रनगरी के आध्यात्मिक इतिहास में शनिवार को एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। राष्ट्र्रसंत मनोज्ञाचार्य पुलकसागर महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित शाही पारणा महोत्सव में बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके पति व बिजनेसमैन विक्की जैन विशेष रूप से पहुंचे। दोनों ने गुरुदेव के चरणों में नमोस्तु कर मंगल आशीर्वाद लिया और अपने हाथों से तपस्वियों को पारणा कराकर उनके तप की अनुमोदना की। इस अलौकिक दृश्य के हजारों श्रावक-श्राविकाएं साक्षी बने।
गुरुदेव की शिक्षाओं से जीवन में आया बदलाव - विक्की जैन
समारोह को संबोधित करते हुए विक्की जैन ने कहा कि वे गुरुदेव के बताए सदमार्ग पर चलने का निरंतर प्रयास करते हैं। गुरुदेव की दिव्य देशना से उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कठिन साधना करने वाले सभी तपस्वियों का बहुमान करते हुए उन्हें नमन किया।
स्वभाव निर्मल तो जीवन सफल - अंकिता लोखंडे
अभिनेत्री अंकिता लोखंडे ने अपने उद्बोधन में कहा,मैं करीब 5 साल बाद गुरुदेव के दर्शन करने पहुंची हूँ। जब भी पूज्य गुरुदेव के सानिध्य में आती हूं जीवन के लिए एक नई प्रेरणा लेकर जाती हूँ। आज गुरुदेव ने पावन सीख दी है कि यदि इंसान का स्वभाव निर्मल और सच्चा हो, तो जीवन की हर राह आसान हो जाती है। मैं इस प्रेरणा को जीवन में उतारने का प्रयास करूंगी।
धोती-दुपट्टे में कराई आहार चर्या, प्रशंसकों में दिखा भारी क्रेज
कार्यक्रम के दौरान विक्की जैन ने पारंपरिक जैन श्रावक की पोशाक (धोती-दुपट्टा) धारण कर नवधा भक्ति के साथ गुरुदेव पुलकसागर जी महाराज की अगवानी की और उन्हें आहार कराया। इस दौरान बॉलीवुड सितारों की एक झलक पाने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए श्रद्धालुओं व प्रशंसकों में होड़ मच गई।
उदयपुर महापौर व जनप्रतिनिधियों ने किया नमन
महोत्सव के दौरान उदयपुर महापौर पारस सिंघवी, उदयपुर ग्रामीण विधायक तथा अनेक पार्षदों ने भी गुरुदेव पुलकसागर जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। चातुर्मास कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, संयोजक मनीष शाह, महिला मंडल की ओर से सुनीता पाटनी, सीमा गदिया, भारती सोनी एवं भूमिका जैन ने सभी का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह के अंत में गुरुदेव ने सभी तपस्वियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। चातुर्मास समिति ने बताया कि भीलवाड़ा के इतिहास में पहली बार इस तरह का भव्य और ऐतिहासिक पारणा महोत्सव संपन्न हुआ है।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
एनएच-148डी पर हादसा : मां-बेटे सहित तीन को टैंकर ने मारी टक्कर, हालत गंभीर
09 अक्टूबर 2026
राज्य स्तरीय कोरोना वॉरियर किक्रेट प्रतियोगिता : भीलवाड़ा ने मेजबान नागौर व बांसवाड़ा को हराया
09 अक्टूबर 2026
डाकघर निर्यात केंद्र एक्सपोर्टर मीट 2026 : निर्यातकों को इंडिया पोस्ट की सुविधाएं बताई
09 अक्टूबर 2026
डिप्टी सीएम से न्याय मांगने गए तो धक्के मार भगाया, मासूमों का नहीं हो पाया पोस्टमार्टम
07 अक्टूबर 2026
विधायक कोठारी की अनुशंषा पर शहर में 4.04 करोड़ के विकास कार्यों की निविदाएं जारी
07 अक्टूबर 2026
महापौर के स्वागत के दौरान निर्दलीय पार्षद से कथित धक्का-मुक्की, गाली-गलौच का आरोप
07 अक्टूबर 2026