चलती कार बनी आग का गोला: मंदिर दर्शन कर लौट रहे परिवार ने कूदकर बचाई जान
भीलवाड़ा लोकजीवन। जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र स्थित हाथीभाटा चौराहे पर मंगलवार रात उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों से घिर गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार यात्रियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और समय रहते वाहन से बाहर निकल आए। इस त्वरित सतर्कता के कारण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और कार सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, भीलवाड़ा का निवासी सोनी परिवार जलझूलन महोत्सव के अवसर पर कोटड़ी स्थित श्री चारभुजानाथ जी के दर्शन-पूजन करने गया था। मंदिर में दर्शन करने के बाद जब परिवार अपनी कार से वापस लौट रहा था, तभी हाथीभाटा चौराहे के पास अचानक गाड़ी के बोनट से धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, धुएं के साथ ही कार में अचानक आग भडक़ उठी। कार में अचानक आग जलती देख चालक ने तुरंत गाड़ी को रोका और सवार लोगों को बाहर निकलने को कहा। सभी यात्रियों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाते हुए वाहन का दरवाजा खोलकर तुरंत अपनी जान बचाई। देखते ही देखते कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी विकराल लपटों में ले लिया। सडक़ के बीचों-बीच धूं-धूं कर जलती कार को देखकर राहगीरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। हादसे की सूचना तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी गई। थानाधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि कार में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की दमकल गाडय़िों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट या कोई तकनीकी खराबी हो सकता है। फिलहाल कोटड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
एनएच-148डी पर हादसा : मां-बेटे सहित तीन को टैंकर ने मारी टक्कर, हालत गंभीर
09 अक्टूबर 2026
राज्य स्तरीय कोरोना वॉरियर किक्रेट प्रतियोगिता : भीलवाड़ा ने मेजबान नागौर व बांसवाड़ा को हराया
09 अक्टूबर 2026
डाकघर निर्यात केंद्र एक्सपोर्टर मीट 2026 : निर्यातकों को इंडिया पोस्ट की सुविधाएं बताई
09 अक्टूबर 2026
डिप्टी सीएम से न्याय मांगने गए तो धक्के मार भगाया, मासूमों का नहीं हो पाया पोस्टमार्टम
07 अक्टूबर 2026
विधायक कोठारी की अनुशंषा पर शहर में 4.04 करोड़ के विकास कार्यों की निविदाएं जारी
07 अक्टूबर 2026
महापौर के स्वागत के दौरान निर्दलीय पार्षद से कथित धक्का-मुक्की, गाली-गलौच का आरोप
07 अक्टूबर 2026